शिक्षक दिवस पर नगर पंचायत ‘नगर’ में खुलेगी प्रदेश की पहली स्पेस लैब, इसरो के पूर्व वैज्ञानिक करेंगे उद्घाटन

शिक्षक दिवस पर नगर पंचायत ‘नगर’ में खुलेगी प्रदेश की पहली स्पेस लैब, इसरो के पूर्व वैज्ञानिक करेंगे उद्घाटन

 

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

 

बस्ती/नगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर 05 सितम्बर को नगर पंचायत ‘नगर’ में अंतरिक्ष विज्ञान प्रयोगशाला (स्पेस लैब) का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इस प्रयोगशाला का उद्घाटन इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नीलेश एम देसाई करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र का आयोजन होगा तथा परिषदीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा एक विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

नगर पंचायत नगर की अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में ‘नगर’ पहली ऐसी नगर पंचायत बनी है, जिसने अपनी निधि से इस अत्याधुनिक स्पेस लैब का निर्माण कराया है। श्रीमती राना ने कहा कि देश में ‘विलेज साइंटिस्ट’ तैयार करने की दिशा में यह एक अनूठी और ऐतिहासिक पहल है।

उन्होंने बताया कि सरकारी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अंतरिक्ष विज्ञान प्रयोगशाला की स्थापना से जनपद के ग्रामीण व शहरी विद्यार्थियों को स्पेस साइंस के अध्ययन और शोध की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों और बच्चों का आकर्षण बढ़ेगा।

नगर अध्यक्ष ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में योग्य व उच्च शिक्षित शिक्षक मौजूद हैं, फिर भी लोग महंगे निजी स्कूलों की ओर रुख करते हैं। ऐसे में सरकारी स्कूलों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कर ‘स्मार्ट’ बनाना समय की मांग है। इस स्पेस लैब के माध्यम से बच्चों को आधुनिक वैज्ञानिक शिक्षा से जोड़ा जा सकेगा।