टोल प्लाजा फायरिंग के फरार तीन आरोपी गिरफ्तार

सोहावल-अयोध्या।रौनाही थाना क्षेत्र के रौनाही टोल प्लाजा पर हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे तीन आरोपियों को रौनाही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया । पुलिस की लगातार दबिश और सर्विलांस के जरिये घटना में शामिल सभी आरोपियों पर शिकंजा कस गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा.. गौरव ग्रोवर ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया था।एस एस पी डाक्टर गौरव ग्रोवर के अनुसार 26 अगस्त की रात करीब 2.15 बजे काली थार सवार सात-आठ युवक तहसीनपुर टोल प्लाजा पहुंचे थे। टोल बैरियर तोड़कर निकलने को लेकर टोल कर्मचारियों से विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान एक व्यक्ति को जबरन थार में बैठाने का प्रयास किया गया और उस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई।घटना की सूचना मिलते ही रौनाही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।आपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने नउवा कुआं रोड स्थित खिरौनी मोड़ से आदर्श सिंह और दीपेश तिवारी को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की काली थार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।घटना में शामिल राजा सिंह उर्फ अखंड प्रताप सिंह, करन सिंह उर्फ शौर्य प्रताप सिंह और श्याम सिंह उर्फ स्वप्निल सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी रौनाही रतन कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।इसी क्रम में सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी फतेहपुर-सरैया रोड पर मौजूद हैं। जो किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने टोल प्लाजा फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ बस्ती जनपद के अलावा अन्य विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुई फायरिंग की घटना के बाद रौनाही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पहले दो आरोपियों को घटना के करीब 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया था। इसके बाद फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार चलाए गए अभियान में पुलिस को सफलता मिली। एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर, एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी के निर्देश तथा थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा के नेतृत्व में रौनाही पुलिस की टीम की लगातार कार्रवाई से मामले में फरार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।