कटेश्वर पर हरीश द्विवेदी का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह….
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बस्ती के गौरव हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व संभालने के बाद प्रथम बार बस्ती आगमन पर नगर पालिका परिसर स्थित कटेश्वर नाथ मंदिर के समीप भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा एवं प्रतिनिधि अंकुर वर्मा के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में नगर पालिका के सभासदों, भाजपा पदाधिकारियों, सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा कर हरीश द्विवेदी का जोरदार अभिनंदन किया। स्वागत स्थल पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भारत माता की जय और भाजपा के नारों से वातावरण गूंज उठा।
नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने कहा कि हरीश द्विवेदी का राष्ट्रीय महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व पर पहुंचना पूरे बस्ती जनपद के लिए गौरव की बात है। उनके राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने कहा कि हरीश द्विवेदी की संगठनात्मक क्षमता, सहज कार्यशैली और कुशल नेतृत्व से भाजपा संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उनके मार्गदर्शन में कार्यकर्ता संगठन को और अधिक मजबूत करने के साथ राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
स्वागत कार्यक्रम में सभासदों, पार्टी कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।