राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी प्रतियोगिता में हंसराजलाल इंटर कॉलेज बना विजेता

राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी प्रतियोगिता में हंसराजलाल इंटर कॉलेज बना विजेता

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, बस्ती में 29 से 31 अगस्त तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को 14 वर्ष से कम आयु के बालकों की एक दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार ने मुख्य अतिथि का बैज, बुके एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। वहीं उप क्रीड़ाधिकारी शाकिल अहमद अंसारी ने अन्य अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में जीआईसी, केआईसी, स्टेडियम, डॉन वास्को, प्रेफिक्सस, लल्लन प्रसाद जूनियर हाईस्कूल, हंसराजलाल इंटर कॉलेज और आन्या पब्लिक स्कूल सहित कुल आठ टीमों ने प्रतिभाग किया।

पहले मुकाबले में स्टेडियम ने डॉन वास्को को 4-2 से हराया। दूसरे मैच में प्रेफिक्सस ने जीआईसी को 2-0 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में केआईसी ने लल्लन प्रसाद जूनियर हाईस्कूल को 3-2 से हराया, जबकि चौथे मैच में हंसराजलाल इंटर कॉलेज ने आन्या पब्लिक स्कूल को 4-1 से शिकस्त दी।

पहले सेमीफाइनल में स्टेडियम ने प्रेफिक्सस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में हंसराजलाल इंटर कॉलेज ने केआईसी को 3-0 से पराजित किया।

फाइनल मुकाबला हंसराजलाल इंटर कॉलेज और स्टेडियम के बीच हुआ, जिसमें हंसराजलाल इंटर कॉलेज ने 2-1 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम की ओर से आयुष यादव ने 14वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि ओम यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए। स्टेडियम की ओर से आयुष यादव ने एक गोल किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष भगवान प्रकाश मिश्रा, सभासद अवधनी श्रीवास्तव, जिला हॉकी संघ के सचिव सुशील कुमार चौधरी सहित निर्णायक अमन दूबे, श्याम यादव, शौर्य, अरवाज, गौरव, विजय एवं आदित्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संचालन अशासकीय मानदेय प्रशिक्षिका हॉकी अस्मिता गुप्ता ने किया। आयोजन में विकास सोनकर, कमलेश यादव, कई पदक, अशासकीय मानदेय प्रशिक्षक तथा आशुतोष कुमार पाठक का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

क्षेत्रीय खेल कार्यालय के अनुसार 30 अगस्त को सुबह छह बजे सैंड ओपन साइकिलिंग तथा जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।