फर्जी OSD बनकर VIP प्रोटोकॉल लेने वाला जालसाज गिरफ्तार
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। उत्तर प्रदेश शासन का फर्जी लोगो लगाकर तथा कार पर लाल-नीली बत्ती लगाकर खुद को उत्तर प्रदेश सरकार का OSD बताकर VIP प्रोटोकॉल लेने वाले शातिर जालसाज को कोतवाली व यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी OSD के पांच विजिटिंग कार्ड, दो वॉकी-टॉकी, चार ATM कार्ड, मोबाइल फोन, नकदी और फर्जी लोगो व लाल-नीली बत्ती लगी इनोवा कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह व यातायात प्रभारी निरीक्षक कुलदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में बड़ेबन चौकी क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की इनोवा कार संख्या UP32HW2225 को रोका गया। वाहन पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा था और छत पर लाल-नीली बत्ती लगी हुई थी।
कार में पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मोहसिन खान (28) निवासी चईयाबारी, थाना पुरानी बस्ती, बस्ती, हाल पता दारुलशफा, हजरतगंज, लखनऊ बताते हुए खुद को उत्तर प्रदेश सरकार के सचिवालय लखनऊ का OSD बताया। उसने पुलिस पर रौब जमाने का प्रयास करते हुए फर्जी विजिटिंग कार्ड भी दिखाया। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह काफी समय से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी OSD बनकर विभिन्न जनपदों और राज्यों में घूम रहा था। फर्जी सरकारी लोगो और लाल-नीली बत्ती लगी कार के साथ पुलिस व टोल प्लाजा पर फर्जी पहचान पत्र दिखाकर VIP प्रोटोकॉल लेने, टोल माफ कराने और सचिवालय व सरकारी कार्यालयों में आसानी से प्रवेश करने के अलावा आम लोगों से अधिकारियों से काम कराने के नाम पर ठगी करने की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली थाने में मु0अ0सं0 371/2026 के तहत धारा 204, 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 347(2) BNS तथा 66D IT Act में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के साथ मौजूद चालक राजेश यादव को 15 हजार रुपये प्रतिमाह पर रखा गया था। पूछताछ और सत्यापन के बाद उसे नोटिस देकर विवेचना में सहयोग करने की हिदायत के साथ छोड़ा गया है।
बरामदगी में फर्जी उत्तर प्रदेश शासन के लोगो व लाल-नीली बत्ती लगी इनोवा कार, पांच फर्जी OSD विजिटिंग कार्ड, दो BAOFENG वॉकी-टॉकी सेट, एक एप्पल आईफोन, एक की-पैड मोबाइल, चार ATM कार्ड और 2700 रुपये नकद शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी बृजानन्द सिंह, यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी, बड़ेबन चौकी प्रभारी जितेन्द्र सिंह समेत कोतवाली पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फर्जी अधिकारी, फर्जी पहचान पत्र अथवा लाल-नीली बत्ती का इस्तेमाल करने वाले लोगों से सतर्क रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।