जाति-पाति से ऊपर बहन-भाई के रिश्ते की डोर, समाजसेवी मनीष मिश्रा ने पेश की मिसाल
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। रक्षाबंधन पर्व पर सामाजिक समरसता और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। समाजसेवी मनीष मिश्रा ने जाति-पाति से ऊपर उठकर बहन-भाई के पवित्र रिश्ते को मजबूत करने का संदेश देते हुए बस्ती जनपद को एंबुलेंस सेवा की सौगात दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बहनों ने मनीष मिश्रा की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें अपना भाई माना और उनके सामाजिक प्रयास के प्रति आभार जताया।
रक्षाबंधन पर मनीष मिश्रा ने भी बहनों का सम्मान करते हुए उन्हें प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत आपसी भाईचारा, सेवा और सम्मान की भावना है। किसी व्यक्ति की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म और व्यवहार से होनी चाहिए।
एंबुलेंस सेवा की सौगात के साथ बहनों के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार के जरिए उन्होंने सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके इस प्रयास की लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कदम समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
मनीष मिश्रा का यह कदम जातिगत भेदभाव की सोच रखने वालों के लिए भी सकारात्मक संदेश देने वाला माना जा रहा है। रक्षाबंधन के अवसर पर उनके इस प्रयास ने भाई-बहन के रिश्ते को सामाजिक समरसता और सेवा की भावना से जोड़ने का संदेश दिया।