31 अगस्त को हरीश द्विवेदी के प्रथम आगमन पर 101 स्थानों पर होगा भव्य स्वागत

31 अगस्त को हरीश द्विवेदी के प्रथम आगमन पर 101 स्थानों पर होगा भव्य स्वागत

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद हरीश द्विवेदी के 31 अगस्त को गृह जनपद बस्ती के प्रथम आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। उनके भव्य स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भाजपा नेता राजकुमार शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का जनपद में ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा।

राजकुमार शुक्ला ने बताया कि स्वागत कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद की सीमा घघौआ से होगा। इसके बाद हरैया, कप्तानगंज, तिलकपुर, गोटवा, फुटिया, बड़ेबन, कटरा तथा रोडवेज सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे मार्ग पर कुल 101 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्वागत कार्यक्रम का प्रमुख आयोजन होटल बालाजी प्रकाश में किया जाएगा, जहां पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का भव्य अभिनंदन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

भाजपा नेता राजकुमार शुक्ला ने कहा कि हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री बनने से बस्ती जनपद के भाजपा कार्यकर्ताओं में गौरव और उत्साह की भावना है। उनके प्रथम आगमन को यादगार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र की अध्यक्षता में जिले के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को स्वागत की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं की टीमों को लगाया गया है, ताकि स्वागत कार्यक्रम को व्यवस्थित और भव्य रूप दिया जा सके।

राजकुमार शुक्ला ने कहा कि 31 अगस्त का दिन बस्ती भाजपा के लिए ऐतिहासिक होगा। राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के स्वागत में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटने का आह्वान किया।