बस्ती में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध, अफवाहों पर न दें ध्यान

बस्ती में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध, अफवाहों पर न दें ध्यान

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती । जनपद में चीनी की उपलब्धता एवं मूल्य को लेकर जिला पूर्ति विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पर्याप्त मात्रा में चीनी का स्टॉक उपलब्ध है। जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला ने बताया कि चीनी मिलों, थोक एवं खुदरा व्यापारियों के स्टॉक की रैण्डम जांच कराई गई, जिसमें किसी भी स्थान पर अवैध अथवा निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण नहीं पाया गया।

जांच के दौरान रूधौली स्थित चीनी मिल में 31,513 कुंतल, बभनान चीनी मिल में 2,62,977 कुंतल तथा मुण्डेरवा चीनी मिल में 1,39,697 कुंतल चीनी का स्टॉक पाया गया। वहीं थोक व्यापारियों के पास 8,120 कुंतल और खुदरा व्यापारियों के पास 7,970 कुंतल चीनी उपलब्ध मिली। इस प्रकार 23 अगस्त तक थोक एवं खुदरा व्यापारियों के पास कुल 16,090 कुंतल चीनी उपलब्ध थी।

जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार चीनी का थोक मूल्य 5,780 से 6,300 रुपये प्रति कुंतल तथा खुदरा मूल्य गुणवत्ता के अनुसार 59 से 65 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच पाया गया। उन्होंने कहा कि जिले में चीनी की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

चीनी की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जिलाधिकारी द्वारा 24 अगस्त को समीक्षा की गई। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, सचिव मंडी समिति तथा जिला पूर्ति अधिकारी की संयुक्त टीम को चीनी की आमद और बिक्री पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में जिला पूर्ति कार्यालय में संबंधित अधिकारियों, तीनों चीनी मिलों के प्रतिनिधियों तथा थोक व्यापारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। चीनी मिलों और थोक व्यापारियों को स्टॉक की मात्रा नियमित रूप से ऑनलाइन अपडेट करने, अवैध ओवर-लिमिट भंडारण नहीं करने तथा बाजार मूल्य से अधिक कीमत पर चीनी की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि चीनी की कमी को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी व्यापारी द्वारा कमी का भय दिखाकर अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। अवैध भंडारण, गलत सूचना अथवा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध विधिक एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि चीनी के मूल्य में कमी की पर्याप्त संभावना है।