कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी प्राची सिंह ने सम्हरिया चौराहा का किया निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था परखी

कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी प्राची सिंह ने सम्हरिया चौराहा का किया निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था परखी

अम्बेडकर नगर। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अम्बेडकर नगर पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार निरीक्षण और निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने थाना अलीगंज क्षेत्रान्तर्गत सम्हरिया चौराहा का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चौराहे पर यातायात के आवागमन, कांवड़ियों की सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी प्राची सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और यात्रा मार्ग पर लगातार सतर्कता बरती जाए।

उन्होंने यातायात को व्यवस्थित रखने के साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ियों के आवागमन के दौरान आवश्यकतानुसार यातायात का संचालन किया जाए, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी, संयम और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ आम लोगों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

सम्बंधित अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को क्षेत्र में की गई सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान एसपी ने आवश्यक सुधार के संबंध में दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। पुलिस की सक्रियता से कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।