शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निस्तारण को लेकर शिक्षक संघ ने सौंपा तीन सूत्रीय ज्ञापन

शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निस्तारण को लेकर शिक्षक संघ ने सौंपा तीन सूत्रीय ज्ञापन

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद-बस्ती के जिला संयोजक देवेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि एवं एमडीएम समन्वयक अमित कुमार मिश्र से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए परिषदीय शिक्षकों की लंबित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किए जाने की मांग की।

संघ ने कहा कि न्यायालय के आदेशों एवं विभागीय नियमों के बावजूद शिक्षकों की समस्याओं का जिला स्तर पर लंबे समय तक लंबित रहना न्यायसंगत नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में पहली प्रमुख मांग के रूप में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा रिट याचिका संख्या 12439/2025 में पारित आदेश का हवाला देते हुए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत प्रभारी प्रधानाध्यापकों को नियमित प्रधानाध्यापक के समान वेतन, सभी वित्तीय लाभ तथा कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से एरियर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

दूसरी मांग में शासनादेश के अनुसार 31 मार्च 2014 के बाद नियुक्त शिक्षकों के वेतन से की गई सामूहिक बीमा (GIS) की कटौती की धनराशि को अविलंब वापस करने की मांग उठाई गई। साथ ही परिषदीय विद्यालयों में सह-अवस्थित आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के मिड-डे मील की कन्वर्जन कास्ट का मुद्दा भी उठाया गया। संघ ने कहा कि कन्वर्जन कास्ट सीधे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खातों में जाने के कारण भोजन तैयार कराने वाले प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को राशि हस्तांतरित नहीं हो पा रही है, जिससे मध्यान्ह भोजन व्यवस्था संचालित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

संघ ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग से समन्वय स्थापित कर इस संबंध में तत्काल स्पष्ट एवं कड़ा दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की, ताकि विद्यालयों में एमडीएम व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

इस दौरान जिला सह-संयोजक विजय प्रकाश चौधरी, महेश कुमार, चंद्रभान चौरसिया, राम भरत वर्मा, शिव प्रकाश सिंह, प्रताप नारायण चौधरी, ज्ञानदास कन्नौजिया, कुदरहा अध्यक्ष, दुर्गा प्रसाद सिंह, गिरजा शंकर चौधरी, ज्ञानराज चौधरी, त्रिलोकी कुमार, रामपाल चौधरी, विजय कनौजिया, अखिलेश मिश्रा, शिव कुमार, विवेकानन्द वर्मा, मुनिराम वर्मा, रामतीरथ सहित तमाम शिक्षक साथी मौजूद रहे।