हर घर तिरंगा अभियान के तहत बस्ती मेडिकल कॉलेज में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बस्ती मेडिकल कॉलेज में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

 

बस्ती। महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बस्ती में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ प्रशासनिक भवन से हुआ, जिसका नेतृत्व महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने किया।

नामित नोडल अधिकारी डॉ. नंदिनी श्रीवास्तव एवं डॉ. आनंद बिहारी के मार्गदर्शन और देखरेख में आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सा शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नर्सिंग कॉलेज की प्रधानाचार्या, उप-प्रधानाचार्या एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी सहभागिता की।

हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान पूरे महाविद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, एकता, अखंडता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य ने “राष्ट्र प्रथम—सदैव सर्वोपरि” का उद्घोष करते हुए सभी से राष्ट्रहित एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।