सरस्वती विद्या मंदिर में साइबर सुरक्षा की पाठशाला, विद्यार्थियों को बताए डिजिटल ठगी से बचने के उपाय

सरस्वती विद्या मंदिर में साइबर सुरक्षा की पाठशाला, विद्यार्थियों को बताए डिजिटल ठगी से बचने के उपाय

अनुराग लक्ष्य न्यूज

बस्ती। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइबर सेल बस्ती पुलिस की टीम ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने पुलिस टीम का स्वागत करते हुए कहा कि इंटरनेट और स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल के दौर में बच्चों और युवाओं का साइबर अपराधों के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं सतर्क रहने के साथ ही परिवार और आसपास के लोगों को भी डिजिटल ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के दिशा-निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी साइबर कुलदीप यादव के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय नारायण मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधियों की कार्यप्रणाली समझाई।

पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड की जानकारी, सीवीवी और पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान क्यूआर कोड स्कैन करने तथा किसी के कहने पर मोबाइल की स्क्रीन शेयर करने से भी बचें।

साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी। साथ ही स्थानीय साइबर हेल्प डेस्क के 24 घंटे सक्रिय मोबाइल नंबर 7839876672 के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल ऋषिवेद तिवारी, आरक्षी जितेंद्र यादव, ईशांत कुमार एवं अशोक चौहान समेत विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने और साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहकर दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।