बहराइच में 43 दिव्यांगजनों का मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल हेतु पंजीकरण, 8 अगस्त को कैसरगंज में लगेगा परीक्षण शिविर
बहराइच, 07 अगस्त। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के सहयोग से मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल वितरण के लिए परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सदर तहसील परिसर, बहराइच में आयोजित परीक्षण शिविर में भारत सरकार के उपक्रम Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India (ALIMCO), कानपुर की विशेषज्ञ टीम द्वारा 43 दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनका पंजीकरण किया गया।
परीक्षण शिविर में पंजीकृत दिव्यांगजनों को सभी परीक्षण शिविरों के समापन के कुछ माह बाद मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
जिला प्रशासन द्वारा 03 अगस्त से 08 अगस्त 2026 तक जनपद के चिन्हित विकासखंड परिसरों में 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र दिव्यांगजनों के लिए परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाना है।
इस क्रम में अगला परीक्षण शिविर 08 अगस्त 2026 को विकासखंड कैसरगंज परिसर में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने समस्त दिव्यांगजनों, उनके परिजनों तथा दिव्यांग हित में कार्यरत संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे पात्र लाभार्थियों को शिविर में पहुंचने के लिए प्रेरित करें।
शिविर में आने वाले सभी आवेदकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने आवश्यक अभिलेख, जैसे आधार कार्ड, 80 प्रतिशत या अधिक दिव्यांगता का प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र (गरीबी रेखा संबंधी, यदि लागू हो) तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि उनका परीक्षण एवं पंजीकरण सुगमता से किया जा सके। जिला प्रशासन ने अधिकाधिक पात्र दिव्यांगजनों से इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाने की अपील की है।