डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी के नेतृत्व में छात्र नेतृत्व की नई उड़ान, सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल में भव्य शपथ ग्रहण समारोह
कर्तव्यनिष्ठा शपथ के साथ अनुशासन और जिम्मेदारी पर जोर
अविनाश चतुर्वेदी व अनु यादव बने स्कूल कैप्टन, आर्यन यादव व उन्नति गुप्ता वाइस कैप्टन निर्वाचित
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर/खलीलाबाद। जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल में बुधवार को छात्रसंघ पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। समारोह में नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की शपथ दिलाई गई, जिससे पूरा विद्यालय परिसर उत्साह और गौरव के माहौल में डूब गया।
कार्यक्रम में सूर्या ग्रुप चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी तथा एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया। अपने संबोधन में डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि सफल नेतृत्व के लिए अनुशासन, जिम्मेदारी और ईमानदारी बेहद जरूरी तत्व हैं। उन्होंने कहा कि समाज और छात्र समुदाय दोनों को एक मजबूत, अनुशासित और जिम्मेदार नेतृत्व की आवश्यकता होती है। उन्होंने सभी नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वही समाज प्रगतिशील बनता है, जहां नेतृत्व अनुशासित और जिम्मेदार होता है। उन्होंने छात्र नेताओं से आह्वान किया कि वे अपने आचरण और कार्यशैली से अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनें।
विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से आयोजित चुनाव प्रक्रिया में बालक वर्ग से अविनाश चतुर्वेदी तथा बालिका वर्ग से अनु यादव स्कूल कैप्टन निर्वाचित हुए। वहीं बालक वर्ग से आर्यन यादव और बालिका वर्ग से उन्नति गुप्ता वाइस कैप्टन चुने गए। शपथ ग्रहण के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव और उप-प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी ने सभी विजेता प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक अशोक चौबे, नितेश द्विवेदी, अर्चना त्रिपाठी, आरती चौधरी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।