अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण बुलडोजर कार्रवाई से पीड़ित परिवारों से मिले सपा नेता, अखिलेश यादव से कराई बात

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के नाम पर घरों और दुकानों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई है। इस मामले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दर्द बांटा और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
सपा नेताओं ने की पीड़ितों से मुलाकात पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे (पवन) और महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की महानगर कमेटी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान महासचिव हामिद जाफर मीसम, उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव और प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। नेताओं ने बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित लोगों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली। अखिलेश यादव से कराई फोन पर बात दौरे के दौरान पूर्व मंत्री पवन पांडे ने भाजपा के पूर्व सभासद मुरारी यादव और अन्य पीड़ित परिवारों की सीधी बातचीत समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से कराई। राष्ट्रीय अध्यक्ष को पूरी घटना से अवगत कराया गया है। सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मुश्किल वक्त में पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और आखिरी दम तक उनका साथ देगी। प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप बिना नोटिस और न्यायालय में मामला होने के बावजूद कार्रवाई: सपा नेताओं का आरोप है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद प्रशासन ने गैर-कानूनी तरीके से घरों और दुकानों पर बुलडोजर चलाया।
शादी वाले घर पर कार्रवाई: एक पीड़ित परिवार के घर में शादी थी, बावजूद इसके बिना किसी पूर्व सूचना के घर गिरा दिया गया, जिससे जेवरात और अन्य कीमती सामान मलबे में दब गए।
भाजपा नेता को कस्टडी में लेना: पूर्व भाजपा सभासद मुरारी यादव का घर टूटने के दौरान उन्हें कथित तौर पर कस्टडी में रखा गया और घर टूटने के बाद छोड़ा गया। नेताओं ने सवाल उठाया कि जब सत्ताधारी दल के पूर्व सभासद सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या हाल होगा।
बुलडोजर कार्रवाई के बाद लूट के आरोप: सपा ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई के बाद घरों से जनरेटर और एसी जैसी कीमती वस्तुएं उठा ली गईं। पार्टी ने मांग की है कि ऐसे अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को दोबारा मकान बनाकर दिए जाएं।
इस मौके पर प्रदेश सचिव राम अचल यादव, पूर्व मंत्री अमृत राजपाल, संजय सिंह, शैलेंद्र श्रीवास्तव, भानु प्रताप सिंह, अनिल यादव, देवा श्रीवास्तव, प्रदीप यादव और अभय द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।