श्रावण के प्रथम सोमवार पर मनीष मिश्रा का बड़ा संकल्प, सितंबर में लगेगा निःशुल्क कैंसर जांच शिविर
-जांच में कैंसर की पुष्टि होने वाले जरूरतमंद मरीजों के मुफ्त इलाज का पूरा खर्च उठाएगी पहल संस्था, बस्ती को कैंसर मुक्त बनाने का लिया संकल्प
दैनिक अनुराग लक्ष्य
बस्ती।श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर पहल संस्था के संस्थापक एवं समाजसेवी मनीष मिश्रा ने देवाधिदेव भगवान शिव का स्मरण करते हुए जनपद बस्ती को कैंसर मुक्त बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी सितंबर माह में बस्ती में एक विशाल निःशुल्क कैंसर जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा लोगों की जांच की जाएगी और जिन जरूरतमंद मरीजों में कैंसर की पुष्टि होगी, उनके इलाज की पूरी जिम्मेदारी पहल संस्था उठाएगी।
मनीष मिश्रा ने बताया कि वे पिछले 20 वर्षों से नियमित रूप से प्रदोष व्रत और भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। इसके साथ ही पिछले एक वर्ष से प्रत्येक प्रदोष के दिन मौन व्रत का पालन भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति उनकी अटूट आस्था उन्हें समाज सेवा के नए संकल्प लेने और उन्हें पूरा करने की शक्ति प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे कई परिवारों की पीड़ा उनके सामने आई। आर्थिक तंगी के कारण अनेक मरीज समय पर इलाज नहीं करा पाते, जिससे बीमारी और गंभीर हो जाती है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने बस्ती को कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में जनभागीदारी आधारित अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
मनीष मिश्रा ने बताया कि सितंबर में आयोजित होने वाले कैंसर जांच शिविर में आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोगों की जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान जिन मरीजों में कैंसर की पुष्टि होगी और जो आर्थिक रूप से कमजोर होंगे, उनके इलाज का पूरा खर्च उनकी संस्था वहन करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति का इलाज केवल आर्थिक अभाव के कारण नहीं रुकने दिया जाएगा।
उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए कहा कि इस जनकल्याणकारी अभियान को सफल बनाने के लिए उन्हें सामर्थ्य और आशीर्वाद प्रदान करें। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि इस अभियान में धन नहीं, बल्कि जागरूकता और सहयोग की आवश्यकता है। अधिक से अधिक लोगों को कैंसर जांच के लिए प्रेरित करें ताकि बीमारी का समय रहते पता चल सके और मरीजों का उपचार संभव हो सके।
समाजसेवी मनीष मिश्रा के इस संकल्प को जनपद में सेवा, संवेदनशीलता और जनहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि यदि इस अभियान को व्यापक जनसहयोग मिला तो यह बस्ती में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।