नीट परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली फलक जहरा को पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ ने किया सम्मानित

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। शहर के राठहवेली निवासी शहजादे आलम की पुत्री फलक जहरा ने नीट परीक्षा में 597 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 11030 हासिल की है, जिससे पूरे अयोध्या जिले का नाम रोशन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ उनके आवास पहुंचे और उन्हें बुके देकर सम्मानित किया।इस अवसर पर पूर्व मंत्री ने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि उनकी विधानसभा की बिटिया ने जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने फलक जहरा के पिता शहजादे आलम की सराहना करते हुए कहा कि एक प्रिंटिंग प्रेस चलाकर अपनी बेटी को उच्च शिक्षा दिलाना सराहनीय है। उन्होंने सभी माता-पिता से अपील की कि भले ही कम संसाधनों में गुजारा करना पड़े, लेकिन बच्चों को अच्छी शिक्षा जरूर दें। फलक जहरा आज क्षेत्र की तमाम बेटियों के लिए एक मिसाल बन चुकी हैं। बता दें कि फलक जहरा ने इससे पहले वर्ष 2023 में हाईस्कूल की परीक्षा में प्रदेश की टॉप-टेन सूची में भी अपना स्थान बनाया था। पूर्व मंत्री ने उनके माता-पिता और पूरे वार्ड वासियों को इस सफलता पर बधाई दी। सपा प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि इस सम्मान समारोह के दौरान महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम, प्रवक्ता राकेश यादव, रिजवान हसनैन (पूर्व पार्षद), हसन इकबाल, अहमद ज़मीर सैफी, कामिल हसनैन, गुफरान हसनैन, जियो हैदर, शमशीर अब्बास, रियाजुला हसन और ज्ञानेन्द्र शुक्ला व मोनू पाठक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।