विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी ने चलाया जागरूकता अभियान
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा बस्ती द्वारा शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को हेपेटाइटिस से बचाव, समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक करते हुए पर्चे वितरित किए गए तथा प्रमुख स्थानों पर जागरूकता संबंधी पोस्टर लगाए गए।
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा बस्ती के सभापति संतोष सिंह ने कहा कि हेपेटाइटिस एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर जांच, टीकाकरण और जागरूकता के माध्यम से इससे प्रभावी बचाव संभव है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित जीवनशैली अपनाने तथा संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।
रेडक्रॉस के सदस्य राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि हेपेटाइटिस के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। लोगों को इसके लक्षणों, कारणों एवं बचाव के उपायों की सही जानकारी होना आवश्यक है, ताकि समय रहते उपचार कराया जा सके।
इमरान अली ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना, सुरक्षित रक्त का उपयोग, केवल नई सिरिंज का प्रयोग तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीकाकरण हेपेटाइटिस की रोकथाम के प्रभावी उपाय हैं। उन्होंने युवाओं से इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पवन वर्मा ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कार्यक्रमों में सहभागिता से हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
सरबजीत सिंह ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी का उद्देश्य केवल आपदा एवं राहत कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना भी संस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनहितकारी अभियान भविष्य में भी निरंतर चलाए जाएंगे।
इस अवसर पर विवेक त्रिपाठी, महेन्द्र त्रिपाठी, मोहम्मद अहमद, अमित श्रीवास्तव, उमेश कुमार, राधे, संजय श्रीवास्तव, शिवराज सहित अन्य स्वयंसेवक एवं सदस्य उपस्थित रहे।