अखिलेश यादव की गिरफ्तारी पर संतकबीरनगर में सियासी उबाल, सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन तेज
पूर्व प्रत्याशी रोहित पांडेय समेत कई नेता हिरासत में, पुलिस लाइन ले जाया गया
रिहाई के बाद रोहित पांडेय का सरकार पर हमला, बोले—छात्रों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश के साथ-साथ संतकबीरनगर में भी सियासी माहौल गरमा गया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सपा कार्यकर्ता और नेता सड़कों पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए कई सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। इस दौरान प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रोहित पांडेय को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय रोहित पांडेय ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि जब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रिहाई नहीं होती, तब तक सपा कार्यकर्ता आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र और युवाओं के अधिकारों की है।
शाम के समय जैसे ही अखिलेश यादव की रिहाई की सूचना मिली, प्रशासन ने राहत की सांस ली और रोहित पांडेय समेत सभी हिरासत में लिए गए नेताओं व कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया।
रिहाई के बाद रोहित पांडेय ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। समाजवादी पार्टी हर हाल में छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।