केसरी नंदन विद्यालय के पूर्व छात्र बबलू यादव बने असिस्टेंट लोको पायलट, विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के तिहूरा माझा स्थित ‘केसरी नंदन विद्यालय’ में एक गौरवपूर्ण क्षण देखने को मिला। विद्यालय के पूर्व छात्र बबलू यादव का चयन भारतीय रेलवे में ‘असिस्टेंट लोको पायलट’ के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सफलता प्रेरणा का स्रोत सुरेश यादव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और विद्यालय के प्रबंधक व समाजसेवी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने बबलू यादव को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बबलू की यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपने उद्देश्यों को दोहराते हुए कहा कि संस्था का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें आईएएस, पीसीएस, डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य प्रतिष्ठित सरकारी सेवाओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि संस्था शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की हरसंभव सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
सीमित संसाधनों में भी बेहतर परिणाम विद्यालय के प्रतिनिधि ध्रुव यादव ने जानकारी दी कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि अब तक इस विद्यालय से लगभग 50 विद्यार्थी विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं और इस वर्ष भी कई अन्य विद्यार्थियों के चयन की पूरी उम्मीद है।
सफलता का श्रेय गुरुजनों को
सम्मानित होने के बाद बबलू यादव ने भावुक होकर विद्यालय प्रशासन और समाजसेवी संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “विद्यालय में मिली उच्च शिक्षा, शिक्षकों का सही मार्गदर्शन और संस्था के सहयोग के बिना इस मुकाम तक पहुँचना संभव नहीं था।” उन्होंने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपने गुरुजनों, विद्यालय परिवार और अपने माता-पिता को दिया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य गौरव यादव, प्रवेश यादव, समाजसेवी संस्था के सदस्यगण, दुर्गा माझी, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।