बस्ती, उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) की बस्ती इकाई की ओर से उपज के स्थापना दिवस के अवसर पर 22 जुलाई को दोपहर 1.30 बजे प्रेस क्लब सभागार में स्थापना दिवस पर विचार गोष्ठी एवं शाश्वत सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में पत्रकारिता के समकालीन विषयों, संगठन की भूमिका तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
उपज के जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपज के प्रदेश महासचिव जयंत कुमार मिश्रा होंगे, जबकि प्रेस क्लब के अध्यक्ष विनोद उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि संगोष्ठी में उपज के सभी पदाधिकारियों, सदस्य पत्रकारों तथा उपज की विचारधारा से जुड़े सभी पत्रकार साथियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को शाश्वत सम्मान से भी सम्मानित किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने सभी पत्रकारों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।