पत्रकारों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत- अवधेश त्रिपाठी
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई हर्रैया की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को ब्लॉक संसाधन केन्द्र हर्रैया के सभागार में जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं, पत्रकार हितों की सुरक्षा तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में तहसील क्षेत्र के पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र के प्रति एक नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है। पत्रकार की सबसे बड़ी पूंजी उसकी ईमानदारी, विश्वसनीयता और निष्पक्ष छवि होती है, जिसे किसी भी परिस्थिति में समझौते का विषय नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकार सीमित संसाधनों में भी समाज की वास्तविक तस्वीर शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। संगठन का उद्देश्य प्रत्येक पत्रकार के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना है। सभी पत्रकारों को तथ्यों पर आधारित, जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता करते हुए समाज के विश्वास को और मजबूत बनाना चाहिए। संगठन तभी मजबूत होगा, जब उसके सदस्य आपसी एकता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करेंगे। अन्य वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार समाज और लोकतंत्र के सशक्त प्रहरी हैं। निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता ही पत्रकार की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि सभी पत्रकार आपसी सहयोग और नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करें, ताकि पत्रकार हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सके और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन किया जा सके। बैठक को तहसील अध्यक्ष राजेश सिंह विशेन, जिला उपाध्यक्ष जनार्दन पाण्डेय, तहसील संरक्षक एसएन द्विवेदी आदि ने सम्बोधित किया। बैठक में हाल ही में बभनान में एक पत्रकार के साथ स्थानीय नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा कथित मारपीट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। इस मामले में संबंधित पत्रकार से संगठन ने जवाब तलब भी किया है। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में संगठन हमेशा पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। इस दौरान बिना संगठन को विश्वास में लिए मामले में समझौता किए जाने पर भी सदस्यों ने नाराजगी और आक्रोश व्यक्त किया। सदस्यों ने भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल संगठन को देने तथा सामूहिक निर्णय के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने पर बल दिया। संचालन जिला महामंत्री अनिल कुमार पाण्डेय ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से रामललित यादव, शमशेर बहादुर सिंह, रूबल कमलापुरी, आदित्य सिंह, प्रेम कुमार सिंह, विवेक पाण्डेय, दिलीप पाण्डेय, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, शक्ति शरण उपाध्याय, नवीन तिवारी, अनिल कुमार त्रिपाठी, रवीश, बृजकिशोर यादव, राजेंद्र कुमार कमल, बृजेश कुमार, विजय कुमार शर्मा, हिमांशु द्विवेदी, सुभाष मिश्र, मनोज सिंह, मो. इन्द्रीश सिद्दीकी, जटाशंकर पाण्डेय, प्रमोद श्रीवास्तव, दिनेश पटेल, सत्यदेव शुक्ल, बृजेश पाल सिंह, रामजीत पाण्डेय और नरेन्द्र कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे।