महसो चौराहे पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी का भव्य स्वागत, गौरक्षा को जन आंदोलन बनाने का लिया संकल्प

महसो चौराहे पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी का भव्य स्वागत, गौरक्षा को जन आंदोलन बनाने का लिया संकल्प

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। गोरखपुर से प्रारंभ हुई 81 दिवसीय ‘गविष्टि यात्रा’ के क्रम में रविवार को सनातन धर्म के प्रवर्तक, बद्रिकाश्रम ज्योतिष पीठाधीश्वर एवं परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री 1008 अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का महसो चौराहे पर भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राम करन आर्य के पुत्र एवं 311 विधानसभा महादेवा के भावी विधानसभा प्रत्याशी विजय विक्रम आर्या के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

चांदी जड़ित दिव्य सिंहासन पर विराजमान जगद्गुरु शंकराचार्य के दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। वातावरण “हर-हर महादेव” और “गौ माता की जय” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य के सान्निध्य को आध्यात्मिक सौभाग्य बताते हुए उनके दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

 

कार्यक्रम के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने महादेवा विधानसभा क्षेत्र के लिए गौरक्षा समिति के अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता सर्वेश दूबे एडवोकेट के नाम की घोषणा की। इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों और जयघोष के साथ स्वागत किया।

 

सभा में उपस्थित लोगों ने गौरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए गौवंश संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया। इस दौरान गौ संरक्षण के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से इस अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

 

अपने उद्बोधन में जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र, कृषि, पर्यावरण और मानव कल्याण से जुड़ा व्यापक दायित्व है। जब तक समाज स्वयं जागरूक होकर गौ सेवा और गौरक्षा के लिए संगठित नहीं होगा, तब तक इस अभियान को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकती। उन्होंने सभी सनातन धर्मावलंबियों से आग्रह किया कि वे जाति, वर्ग और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर गौरक्षा को जनभागीदारी का अभियान बनाएं तथा गौवंश की रक्षा एवं संवर्धन के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

 

311 विधानसभा महादेवा के भावी विधानसभा प्रत्याशी विजय विक्रम आर्या ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। उनका संरक्षण प्रत्येक भारतीय का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। जगद्गुरु शंकराचार्य जी के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ यह अभियान समाज को नई दिशा देगा। हम संकल्प लेते हैं कि गौरक्षा, गौसेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करेंगे तथा इस जनजागरण अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे। समाज की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी के बल पर हम गौरक्षा के संकल्प को सफल बनाएंगे।

 

इस अवसर पर मुख्य रूप से राजेश यादव, नकुल चौधरी, शकील अहमद, कन्हैया लाल, प्रमोद मोदनवाल, राजाराम यादव, जितेंद्र यादव, घनश्याम गौड़, लाल बहादुर आर्य, चंद्रिका यादव, के.एन. यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।