ग्राम पंचायत शेखपुरा की अनूठी पहल: युवाओं ने संभाली स्वच्छता की कमान, हर रविवार चलेगा ‘स्वच्छता अभियान

ग्राम पंचायत शेखपुरा की अनूठी पहल: युवाओं ने संभाली स्वच्छता की कमान, हर रविवार चलेगा ‘स्वच्छता अभियान’

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। स्वच्छ भारत मिशन को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में विकास खंड बहादुरपुर की ग्राम पंचायत शेखपुरा ने एक प्रेरणादायक पहल की है। यहां गांव को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाने के संकल्प के साथ ग्रामीण युवाओं ने स्वयं आगे बढ़कर “शेखपुरा स्वच्छता समिति” का गठन किया है। समिति के सदस्य अब प्रत्येक रविवार प्रातः दो घंटे गांव के किसी एक चयनित स्थल की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जनजागरण का कार्य करेंगे।

 

रविवार सुबह क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं भाजपा के जिला महामंत्री प्रेम प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में युवाओं की टीम ने ग्राम पंचायत के सफाई कर्मी सूरज के साथ पंचायत भवन जाने वाले मुख्य मार्ग की सफाई कर अभियान का शुभारंभ किया। लगातार हो रही बारिश के कारण पूर्व निर्धारित स्थल पर सफाई कार्य संभव नहीं हो सका, लेकिन युवाओं का उत्साह और सेवा भावना जरा भी कम नहीं हुई। उन्होंने मुख्य मार्ग की सफाई कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

 

गांव के युवाओं द्वारा शुरू की गई यह पहल पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बनती दिखाई दे रही है। अभियान में ध्रुव कुमार, सुरेंद्र कुमार, संदीप सैनी, ओम प्रकाश गुप्ता, शिव बालक, विकास और विवेक सहित अनेक युवा उत्साहपूर्वक शामिल रहे। सभी ने नियमित रूप से इस अभियान को जारी रखने तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।

 

अभियान के दौरान ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक गांव में इस प्रकार की जनभागीदारी विकसित हो जाए तो स्वच्छ और स्वस्थ गांव का सपना शीघ्र साकार हो सकता है।

 

इस अवसर पर भाजपा नेता एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेम प्रकाश चौधरी ने कहा कि “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और संस्कार का हिस्सा होनी चाहिए। जब समाज स्वयं आगे बढ़कर अपनी जिम्मेदारी निभाता है, तभी स्थायी परिवर्तन संभव होता है। ‘शेखपुरा स्वच्छता समिति’ का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण में स्वच्छता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करना है। हम प्रत्येक रविवार दो घंटे श्रमदान करेंगे और धीरे-धीरे पूरे गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श ग्राम बनाने का प्रयास करेंगे। मेरा विश्वास है कि यह पहल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा स्वच्छ भारत के संकल्प को नई गति प्रदान करेगी।”

 

ग्रामीणों का मानना है कि जनसहभागिता से शुरू हुआ यह अभियान आने वाले समय में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का मजबूत उदाहरण बनेगा तथा ग्राम पंचायत शेखपुरा की पहचान एक स्वच्छ एवं जागरूक गांव के रूप में स्थापित करेगा।