खलीलाबाद कोतवाली परिसर में गूंजा हर-हर महादेव, श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर की हुई भव्य स्थापना
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने विधि-विधान से की प्राण-प्रतिष्ठा, पूरे परिसर में छाया भक्तिमय वातावरण
पुलिसकर्मियों को मिलेगी मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा, प्रसाद वितरण के साथ सम्पन्न हुआ अनुष्ठान
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। थाना कोतवाली खलीलाबाद परिसर में नवनिर्मित श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर की स्थापना एवं मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन गुरुवार को विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के कर-कमलों द्वारा मंदिर में भगवान शिव सहित अन्य देवी-देवताओं की विग्रह मूर्तियों की स्थापना कर प्राण-प्रतिष्ठा की गई।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि और हवन-पूजन से पूरा थाना परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मुख्य यजमान के रूप में अनुष्ठान में सहभागिता करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति तथा पुलिस विभाग के कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि थाना परिसर में मंदिर की स्थापना से पुलिसकर्मियों को मानसिक शांति मिलेगी तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। दिन-रात तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले पुलिस जवानों के लिए यह स्थान आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र साबित होगा।
धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति के उपरांत उपस्थित अधिकारीगण, पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय संभ्रांत नागरिकों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे, थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय सहित भारी संख्या में पुलिस बल एवं स्थानीय गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।