महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। राम की पैड़ी स्थित प्राचीन कम्हरिया मंदिर में रविवार को एक भव्य धार्मिक समारोह के बीच महंत शौर्य दास का राज्याभिषेक (महंताई) संपन्न हुआ। मंदिर के पूर्व महंत विजय दास के निधन के बाद रिक्त हुई गद्दी पर संत समाज की सर्वसम्मति से शौर्य दास को नया महंत नियुक्त किया गया।
परंपरागत रीति-रिवाजों से हुई नियुक्ति महंताई समारोह में अयोध्या के विभिन्न अखाड़ों और प्रमुख मंदिरों के संतों-महात्माओं ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संतों ने विधिवत रूप से शौर्य दास को कंठी-चादर ओढ़ाकर महंताई की रस्म पूरी कराई और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। समारोह के दौरान मंदिर के कार्यभार को सुचारू रूप से चलाने के लिए मनोज पांडेय को कार्यवाहक के रूप में नियुक्त किया गया। पूर्व महंत को दी गई श्रद्धांजलि समारोह के दौरान संत समाज ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूर्व महंत स्व. विजय दास के आध्यात्मिक एवं धार्मिक योगदान को याद किया। संतों ने कहा कि उनके द्वारा स्थापित की गई सेवा और परंपराओं को महंत शौर्य दास के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जाएगा।
सनातन संस्कृति के संरक्षण का संकल्प इस अवसर पर उपस्थित संत समाज ने सनातन संस्कृति के संरक्षण और मंदिर की धार्मिक गतिविधियों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया। आयोजन की व्यवस्था का सफल संचालन कार्यक्रम प्रभारी संजय शुक्ला की देखरेख में किया गया। इस गौरवमयी समारोह में अयोध्या के अनेक गणमान्य संत और श्रद्धालु उपस्थित रहे।