बीसीडीए में बड़ा संगठनात्मक बदलाव मनोज कुमार सिंह बने ग्रामीण क्षेत्र के जिलाध्यक्ष
बस्ती ।केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन बीसीडीए ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बीएम मेडिकल स्टोर के प्रोपराइटर एवं पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह को ग्रामीण क्षेत्र का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह निर्णय संगठन के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मनोज कुमार सिंह लंबे समय से संगठन के प्रति सक्रिय समर्पित और जिम्मेदार भूमिका निभाते रहे हैं। उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और दवा व्यापारियों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र के दवा व्यापारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा तथा संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों के दवा व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर राना दिनेश प्रताप सिंह, विशाल मल्होत्रा, अशोक कुमार केशरवानी, राम गोपाल कसौधन, इंद्रमणि पांडे, शीतला पटेल, पवन मल्होत्रा, आशुतोष कुमार राय, शिवमूरत मिश्रा, राकेश पांडे, जमशेद आलम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मनोज कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं और संगठन के हित में हर कदम पर पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बीसीडीए के महामंत्री अशोक कुमार सिंह ने बताया कि संगठन का उद्देश्य दवा व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा करना उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराना तथा संगठन को जिले के प्रत्येक क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि नए नेतृत्व में संगठन निश्चित रूप से नई उपलब्धियां हासिल करेगा और दवा व्यापारियों की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाएगा।