हर्रैया में स्कूल चलो अभियान की जागरूकता रैली हर बच्चे के नामांकन का लिया संकल्प
बस्ती । विकासखंड हर्रैया में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। प्राथमिक विद्यालय हर्रैया प्रथम से रैली को विक्रमजोत ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का नेतृत्व खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद ने किया।रैली प्राथमिक विद्यालय हर्रैया प्रथम से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में शिक्षा जागरूकता से संबंधित तख्तियां लेकर चल रहे थे और लोगों से अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील कर रहे थे। बैंड और प्रेरक गीतों के साथ निकली रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्य अतिथि कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने
अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद ने बताया कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय से जोड़ना है। इसके लिए शिक्षक घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक कर रहे हैं।इस अवसर पर एआरपी संतोष कुमार शुक्ल, मनोज मिश्र, राजीव शुक्ल, काशीराम वर्मा, रवीश कुमार मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।