न्यायाधीश शमसुल हक एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने राजकीय बाल संप्रेषण गृह (किशोर) पचपेड़िया मार्ग का किया निरीक्षण
बस्ती। आज दिनांक 29-06-2026 को माननीय जनपद न्यायाधीश शमसुल हक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बस्ती श्री संदीप, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेंद्र कुमार-प्रथम एवं प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड श्री राज बाबू, क्षेत्राधिकारी बस्ती सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी, उप जिलाधिकारी बस्ती सदर हिमांशु कुमार द्वारा राजकीय बाल संप्रेषण गृह (किशोर), पचपेड़िया मार्ग, बस्ती का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संप्रेक्षण गृह एवं रसोईघर में साफ-सफाई दुरूस्त पायी गयी। बच्चों द्वारा बताया गया की उनको समय से उचित आहार मिल जाता है। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि वह निरीक्षण के दौरान समिति के निर्देशों का अनुपालन आख्या ससमय प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान ज्ञात हुआ कि बच्चों के बिस्तर की बेडशीट प्रत्येक सप्ताह साफ की जाती है जिसे प्रत्येक तीन दिवस के अन्तराल पर साफ करने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान यह भी तथ्य ज्ञात हुआ कि दो बच्चो ने पालीटेक्निक एडमिशन की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। बाल सम्प्रेक्षण गृह में जनपद बस्ती के 28 किशोर, संतकबीरनगर के 25 किशोर एवं जनपद सिद्धार्थनगर के 44 किशोर कुल 97 किशोर निरूद्ध थे। निरीक्षण के दौरान समिति द्वारा संप्रेक्षण गृह के समस्त कमरों एवं पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया गया तथा कुछ भी आपत्तिजनक नहीं पाया गया। माननीय जनपद न्यायाधीश, बस्ती द्वारा बच्चो के विकास हेतु आहार, विहार एवं खेल-कूल कराने हेतु भी निर्देशित किया गया तथा उनके मनोरंजन हेतु टी.वी. पर क्रिकेट मैच देखने की व्यवस्था करने हेतु भी निर्देशित किया गया।