पल्स पोलियो अभियान को मिली रफ्तार, डीएम ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी
3.11 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा, 858 बूथों पर चलेगा अभियान
“दो बूंद जिंदगी की” संदेश के साथ बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। जनपद में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जूनियर हाईस्कूल, खलीलाबाद परिसर से जनपद स्तरीय जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में स्कूली बच्चों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने बैंड-बाजे और जागरूकता नारों के जरिए आमजन को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया। “दो बूंद जिंदगी की” का संदेश पूरे क्षेत्र में गूंजता रहा, जिससे लोगों में अभियान के प्रति उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि जन-जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के चलते ही पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सका है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 28 जून को आयोजित बूथ दिवस पर 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 3,11,141 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 858 बूथ बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 29 जून से 3 जुलाई तक अभियान के तहत 489 हाउस-टू-हाउस टीमें, 28 ट्रांजिट टीमें और 13 मोबाइल टीमें सक्रिय रहेंगी, जो घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी।
इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी को देखते हुए समय पर बूथ संचालन सुनिश्चित किया जाए और कोल्ड चेन व्यवस्था का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि दवा की गुणवत्ता बनी रहे और अभियान सफल हो