दूसरे दिन समापन सत्र में डिजिटल और एआई के जिम्मेदार उपयोग पर जोर
सोशल मीडिया जन-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम
प्रशिक्षण महा अभियान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता, संगठन मजबूती पर फोकस
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के दूसरे दिन शनिवार को आयोजित समापन सत्र में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सुबाष यदुवंश ने सोशल मीडिया और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के बढ़ते प्रभाव के बीच सतर्कता और जिम्मेदारी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजिटल युग में सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करते हुए जन-कल्याणकारी नीतियों, सरकारी योजनाओं और राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाए जा रहे झूठे और गुमराह करने वाले नैरेटिव का पर्दाफाश करना कार्यकर्ताओं का अहम दायित्व है। एआई जैसी उन्नत तकनीकों के इस दौर में तथ्यात्मक सत्यापन (फैक्ट-चेकिंग) और डिजिटल अनुशासन को अपनाना बेहद जरूरी है, ताकि समाज में किसी प्रकार की भ्रामक या गलत सूचना का प्रसार न हो।
सत्र के अगले चरण में अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने मीडिया प्रभारियों की भूमिका को संगठन और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रभारी का दायित्व अत्यंत जिम्मेदारी भरा होता है, क्योंकि उन्हें संगठन और सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से समाचार माध्यमों के जरिए आमजन तक पहुंचाना होता है।
उन्होंने मीडिया प्रभारियों को व्यवहार कुशलता अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि संपादकों और पत्रकारों के साथ नियमित संवाद और मधुर संबंध बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही पार्टी के कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी समय से पत्रकारों तक पहुंचानी चाहिए, जिससे संगठन की गतिविधियां व्यापक रूप से प्रसारित हो सकें।
प्रशिक्षण के अगले सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डा. सतीश दिवेदी ने भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी का आधार राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद (हिंदुत्व) और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों को पुनर्जीवित करने वाला एक व्यापक सांस्कृतिक-राजनीतिक आंदोलन है।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग में कुल 227 पदाधिकारियों की अपेक्षा थी, जिसमें से 193 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री काउंसलिंग सिंह दीपू ने किया, जबकि वर्ग प्रमुख द्वारा सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार प्रकट किया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, विधायक अनिल त्रिपाठी, विधायक अंकुर तिवारी, गणेश चौहान, गणेश पांडे, हैप्पी राय, सुनीता अग्रहरि, उर्मिला त्रिपाठी, संगीता वर्मा, किरण प्रजापति, रजनी पांडे, डॉक्टर सोनी सिंह, राकेश मिश्रा, दुर्गा राय, विवेकानंद वर्मा, राजेश मिश्रा, निरंजन लोहिया, धनंजय पांडे, कालिंदी चौहान, उषा पांडे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।