गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर अयोध्या में विशाल रक्तदान व छबील सेवा का आयोजन

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या (फैजाबाद) शहीदों के सरताज पंचम पातशाह धन धन श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के महान शहीदी दिवस के पावन अवसर पर आज अयोध्या में विभिन्न धार्मिक और सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। खालसा फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु नानक गोविंद धाम, नज़र बाग, अयोध्या जी में श्रद्धा और उत्साह के साथ इस विशेष दिन को मनाया गया। सेवा और मानवता को समर्पित रहा दिन
ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार, 18 जून को सुबह 11 बजे से हुई। इस अवसर पर गुरुद्वारे में एक विशाल रक्तदान शिविर तथा निःशुल्क जाँच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और संगत ने हिस्सा लिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ‘सेवा, समर्पण और मानवता’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना रहा। भीषण गर्मी में राहगीरों को पिलाई ठंडी छबील
महान शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में खालसा फाउंडेशन ट्रस्ट और ऐतिहासिक गुरुद्वारा प्रबंधन द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए छबील (ठंडे शरबत) की सेवा भी लगाई गई। गुरुद्वारा नज़र बाग के मुख्य मार्ग पर आने-जाने वाले राहगीरों और श्रद्धालुओं को ठंडा शरबत पिलाकर गुरु महाराज के परोपकारी जीवन को याद किया गया।जत्थेदार बाबा महींदर सिंह ने जताया आभार इस पूरे पुनीत कार्य के मुख्य प्रबंधक एवं निवेदक जत्थेदार बाबा महींदर सिंह रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोगी इलाका निवासी समूह और साथ संगत अयोध्या-फैजाबाद का विशेष योगदान रहा। बाबा महींदर सिंह ने रक्तदान करने वाले युवाओं और सेवा में जुटे सभी सेवादारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु अर्जन देव की शहादत हमें हमेशा मानवता की सेवा और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देती है।