अयोध्या में 17 जून से शुरू होगा भव्य जैन पंचकल्याणक महोत्सव, 19 को शामिल होंगे सीएम योगी

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। तीर्थक्षेत्र अयोध्या के बड़ी मूर्ति परिसर में 17 जून से भव्य जैन पंचकल्याणक महोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक और धार्मिक अनुष्ठान में देश भर से लगभग 2000 श्रद्धालु शामिल होंगे। महोत्सव के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे, जो 19 जून को अयोध्या पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। 17 को झंडारोहण, 21 जून को स्वर्ण कलशारोहण महोत्सव की शुरुआत 17 जून को प्रातः 7:30 बजे प्रमोद जैन व अनीमा जैन (दिल्ली) द्वारा ध्वजारोहण के साथ होगी। कार्यक्रम के चौथे दिन भगवान को केवलज्ञान कल्याणक की प्राप्ति होगी और समवसरण में दिव्य देशना खिरने का दृश्य जीवंत किया जाएगा। पांचवें दिन मोक्षकल्याणक सम्पन्न होगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 21 जून को नवनिर्मित भगवान मुनिसुव्रतनाथ जिनमंदिर, 923 पुत्र जिनमंदिर, 101 भगवान जिनमंदिर तथा चौबीसी जिनमंदिर के सात शिखरों पर भव्य स्वर्ण कलश व ध्वजारोहण होगा। कड़े नियमों के बीच इंद्र-इंद्राणी करेंगे पूजन
इस अनुष्ठान को पूर्ण पवित्रता के साथ सम्पन्न कराने के लिए वरिष्ठ विद्वान प्रतिरूपाचार्य विजय कुमार जैन (हस्तिनापुर), पं. दीपक कुमार जैन (नागौरी) व पं. अकलंक जैन (लखनऊ) के सानिध्य में विधि-विधान किए जाएंगे। पूजन करने वाले इंद्र-इंद्राणियों के लिए ब्रह्मचर्य व्रत, 24 घंटे में एक बार शुद्ध भोजन और गृह-व्यापार बंधन के त्याग जैसे कड़े नियम अनिवार्य रहेंगे। महोत्सव में लखनऊ के विवेकदत्त जैन ‘सौधर्म इन्द्र’ तथा डॉ. रचना जैन व निदेश जैन भगवान के माता-पिता की मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा दिल्ली, गाजियाबाद व अन्य शहरों के कई सौभाग्यशाली जोड़े विभिन्न इंद्र-इंद्राणियों का स्वरूप धारण करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए चाक-चौबंद व्यवस्थाएं
श्री दिगम्बर जैन अयोध्या तीर्थक्षेत्र कमेटी के पदाधिकारी अमरचंद जैन, शुभचंद जैन, डॉ. जीवन प्रकाश जैन व विजय जैन ने बताया कि आगंतुकों के लिए बड़ी मूर्ति परिसर और रायगंज की धर्मशालाओं में 700 कमरे आरक्षित किए गए हैं। यातायात के लिए ई-रिक्शा और शुद्ध भोजन के लिए चार अलग-अलग भोजनालयों की व्यवस्था की गई है। टीकमनगर, बाराबंकी और फतेहपुर की युवा कमेटियों को भोजन, आवास, सुरक्षा और जुलूस की जिम्मेदारी दी गई है। जिला प्रशासन के सहयोग से पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और नगर निगम की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी।