प्रदेश के सभी 75 जनपदों तक पहुंचा नागरिक सुरक्षा विभाग, आपदा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों से निपटने को स्वयंसेवकों को किया जा रहा प्रशिक्षित : धर्मवीर प्रजापति

लखनऊ उत्तर प्रदेश में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त और व्यापक बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नागरिक सुरक्षा विभाग का विस्तार करते हुए अब इसे प्रदेश के सभी 75 जनपदों में स्थापित कर दिया गया है। पहले यह विभाग केवल 14 जिलों तक सीमित था, लेकिन बदलती परिस्थितियों और राष्ट्रीय सुरक्षा की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए इसका विस्तार पूरे प्रदेश में किया गया है।यह जानकारी होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, छठा मील सीतापुर रोड, लखनऊ में आयोजित 12 दिवसीय ‘सिविल डिफेंस बेसिक ओरिएंटेशन कोर्स’ के शुभारंभ अवसर पर दी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नागरिक सुरक्षा विभाग के नवसृजित जनपदों के नवनियुक्त स्वयंसेवकों के लिए आयोजित किया गया है।राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि वर्तमान समय में नागरिक सुरक्षा की भूमिका पहले की तुलना में कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। आज देश केवल प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों का ही सामना नहीं कर रहा, बल्कि आतंकवाद और सीमा पार से उत्पन्न होने वाले विभिन्न खतरों के प्रति भी सजग रहने की आवश्यकता है। ऐसे समय में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए तथा समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देना चाहिए। प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने समाजोपयोगी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपने जीवन के अनुभव साझा कर स्वयंसेवकों को प्रेरित किया।कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान की कमांडेंट प्रियंका सिंह ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान में अग्निशमन, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे स्वयंसेवक किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी भूमिका निभा सकें।विशेष सचिव नागरिक सुरक्षा मनोज कुमार राय ने अपने संबोधन में प्रदेश में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा संगठन को और अधिक सक्षम एवं संसाधन सम्पन्न बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान के जीर्णोद्धार और अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किए जाने का आश्वासन भी दिया।मनोज कुमार राय ने कहा कि निकट भविष्य में यह संस्थान और अधिक विकसित एवं आधुनिक स्वरूप में दिखाई देगा, जिससे प्रदेशभर के स्वयंसेवकों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित स्वयंसेवक आपदा प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा, जनजागरूकता और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देकर समाज और राष्ट्र की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों में उत्साह दिखाई दिया तथा उन्हें नागरिक सुरक्षा के विभिन्न आयामों, आपदा प्रबंधन तकनीकों और जनसेवा से जुड़े विषयों की जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का यह नेटवर्क भविष्य में किसी भी आपदा या आपात स्थिति में प्रदेश के लिए एक मजबूत सहायक तंत्र के रूप में कार्य करेगा।