महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। ज्येष्ठ मास के सातवें बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर धर्मनगरी अयोध्या में भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। इसी कड़ी में खटीक मंदिर के सामने, अम्मा फूड हब के समीप छोटू पांडे एवं सूरज पांडे के सौजन्य से एक भव्य विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शाम 7:00 बजे प्रभु बजरंगबली की दिव्य आरती और भोग लगाने के साथ भंडारे का शुभारंभ हुआ, जो प्रभु की इच्छा तक अनवरत चलता रहा। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर पूड़ी-सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। दिग्गज राजनेताओं और अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति इस धार्मिक आयोजन में अयोध्या की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद लल्लू सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अयोध्या के प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय उपस्थित रहे। गणमान्य अतिथियों ने बजरंगबली के चित्र पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया और अपने हाथों से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर पुण्य लाभ कमाया। धार्मिक और सामाजिक ट्रस्टों के अध्यक्षों ने बढ़ाया उत्साह
भंडारे में अति विशिष्ट अतिथियों का भी जमावड़ा रहा, जिसमें अयोध्या तीर्थ पुरोहित धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश महाराज, समाज सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष दुर्गेश महाराज तथा लड्डू गोपाल सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप महाराज मुख्य रूप से शामिल हुए। इसके साथ ही लक्ष्मण वर्मा, ननकू पांडे सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग और सेवादार व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। बजरंगबली की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म राजेश महाराज आयोजन में पहुंचे अयोध्या तीर्थ पुरोहित धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश महाराज ने कहा कि ज्येष्ठ के बड़े मंगल पर हनुमान जी की सेवा और श्रद्धालुओं को प्रसाद छकाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने आयोजकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में समरसता और भाईचारा बढ़ता है। अंत में आयोजक छोटू पांडे और सूरज पांडे ने आए हुए सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। देर रात तक चले इस भंडारे के दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय श्रीराम’ और ‘जय बजरंगबली’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।