महंत कमलनयन दास और महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ।
एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भव्य व्यवस्था।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए तैनात किए गए स्वयंसेवक।
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। ज्येष्ठ मास के सातवें बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर रामनगरी अयोध्या में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह के संयोजन में नया घाट स्थित प्रसिद्ध लता मंगेशकर चौक पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धर्मनगरी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने बजरंगबली के दर्शन-पूजन के साथ ही भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।
संतों और जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ
विशाल भंडारे का विधिवत शुभारंभ मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास महाराज तथा अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी द्वारा हनुमान जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित संतों और अतिथियों ने विश्व कल्याण की मंगलकामना की। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ और ‘जय बजरंगबली’ के गगनभेदी जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।
एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था
जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि भीषण गर्मी और श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा:
“श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लता चौक पर कई स्टॉल स्थापित किए गए हैं, ताकि किसी को असुविधा न हो। इस विशाल भंडारे में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए उच्च स्तरीय प्रसाद की व्यवस्था की गई है।”
सुरक्षा और यातायात पर विशेष ध्यान
मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आयोजन समिति द्वारा विशेष स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम (लाउडस्पीकर) के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश और सहयोग दिया जा रहा है।
देर शाम तक निरंतर चलने वाले इस महापर्व रूपी भंडारे में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों और देश-दुनिया से आए लाखों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने का सिलसिला लगातार जारी है।