अयोध्या।
प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में महाराष्ट्र की प्रसिद्ध वारकरी परंपरा की भक्ति धारा प्रवाहित हो रही है। पंढरपुर से आए राणा महाराज वासकर के नेतृत्व में महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक से लगभग 2500 श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। यहां उनके पूज्य पिता की पुण्यतिथि के अवसर पर तुकाराम गाथा पारायण उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
राणा महाराज वासकर ने बताया कि वारकरी संप्रदाय संत ज्ञानेश्वर महाराज, संत तुकाराम महाराज, संत एकनाथ महाराज और संत नामदेव महाराज की महान संत परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। उत्सव के दौरान संत तुकाराम महाराज के अभंगों का पाठ, भजन और कीर्तन किया जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के लिए अपने संदेश में राणा महाराज वासकर ने कहा कि वारकरी संप्रदाय ने कभी सरकार से कोई विशेष अपेक्षा नहीं रखी, लेकिन वारकरी संतों के विचारों, शिक्षाओं और आध्यात्मिक विरासत का व्यापक प्रचार-प्रसार देश और दुनिया में होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया कि वे संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज की पदयात्रा से जुड़कर इस महान परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के इन महान संतों का संदेश मानवता, भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश है, जिसे विश्व स्तर तक पहुंचाया जाना चाहिए। वारकरी समाज चाहता है कि संत परंपरा की यह अमूल्य धरोहर नई पीढ़ी तक पहुंचे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी पहचान बने।
राजनीतिक समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि वारकरी संप्रदाय सभी सरकारों का सम्मान करता है और समाज को जोड़ने का कार्य करता है। अयोध्या की पावन धरती से उन्होंने देशवासियों और वारकरी समाज के लिए मंगलकामना करते हुए संत ज्ञानेश्वर महाराज की प्रार्थना दोहराई— “दुरितांचे तिमिर जावो, विश्वस्व धर्म सूर्य पावो”, अर्थात संसार से अज्ञान और बुराइयों का अंधकार दूर हो तथा धर्म और सदाचार का प्रकाश फैलता रहे।