मेडिकल कॉलेज में योग सप्ताह शुरू, प्राणायाम से दिया निरोग रहने की सीख
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 21 जून तक रोज़ाना चलेंगे विशेष सत्र
डॉक्टर, स्टाफ और छात्र-छात्राएं सीख रहे योग के गुर
बहराइच 15 जून। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में सात दिवसीय श्योग सप्ताहश् का भव्य शुभारंभ हुआ। 15 जून से 21 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य न केवल स्वास्थ्यकर्मियों और भावी डॉक्टरों को तनावमुक्त रखना है, बल्कि आमजन को भी स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
योग सप्ताह के पहले दिन शिविर का आयोजन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय खत्री की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में पहुंचे योग विशेषज्ञ डॉ. विकास ने मौजूद अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को योगासन और प्राणायाम का गहन अभ्यास कराया। उन्होंने कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और सूर्य नमस्कार जैसी क्रियाओं के वैज्ञानिक महत्व को समझाया।
शिविर को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. संजय खत्री ने कहा कि योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर है। यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से संतुलित रहने का संपूर्ण विज्ञान है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की प्रेरणा से आयोजित इस योग सप्ताह के जरिए चिकित्सालय परिसर में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया है। हॉस्पिटल मैनेजर रिजवान के मुताबिक, पूरे सप्ताह प्रतिदिन सुबह विशेष योग सत्र चलेंगे, जिसमें हर दिन अलग-अलग स्वास्थ्य जागरूकता विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. वर्मा, डॉ. बृजेश शुक्ला, डॉ. राजेंद्र कुमार शुक्ला, डॉ. अमित यादव और डॉ. स्मिता फिलिप्स मुख्य रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा कॉलेज के अन्य संकाय सदस्य, हॉस्पिटल मैनेजर, नर्सिंग अधीक्षिका, स्वास्थ्य कर्मी सहित एमबीबीएस व बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः