हाईकोर्ट का आदेश: जागृति शुक्ला कांड की होगी न्यायिक जांच 

प्रयागराज इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकीलों और स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के डॉक्टरों के बीच हुए विवाद को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में बुधवार को लंबी सुनवाई चली। मामले में हाईकोर्ट ने न्यायिक जांच का आदेश दिया है। जस्टिस अरुण टंडन के नेतृत्व में पूरे मामले की जांच होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद कोर्ट अगला आदेश जारी करेगा।
साथ ही इस अहम विवाद की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि अब इस इश्यू को लेकर हड़ताल नहीं की जाएगी। कोर्ट ने कहा न तो वकील चक्काजाम कर प्रदर्शन करेंगे न ही डॉक्टर कामकाज ठप कर हड़ताल करेंगे। साथ ही कोर्ट ने मामले में किसी की भी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। खासकर उन दो डॉक्टरों की गिरफ्तारी पर जिन्हें पुलिस तलाश रही थी।
प्रयागराज में अधिवक्ता जागृति शुक्ला केस में इलाहाबाद हाईकोर्ट में बुधवार को दो बार में सुनवाई हुई। सुबह सुनवाई के बाद कोर्ट ने आदेश जारी करने को कहा था। हालांकि वकीलों की मांग पर फिर सुनवाई शुरू हुई है। वकीलों ने नए सिरे से केस की डिटेल रखी है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट की अधिवक्ता जागृति शुक्ला प्रकरण में मंगलवार को डबल बेंच में सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने इस मामले में पुलिस द्वारा की जा रही जांच की प्रगति रिपोर्ट तलब की है। हाईकोर्ट की अधिवक्ता जागृति शुक्ला का सोमवार सुबह लखनऊ स्थित पीजीआई में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 20 मई को हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उनके निधन के बाद अधिवक्ताओं में शोक और आक्रोश का माहौल है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने सोमवार को लंच के बाद न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया, जबकि विभिन्न स्थानों पर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन और विरोध जताया।