अंगूठा लगवाकर राशन हड़पने का आरोप, जिलाधिकारी से शिकायत

अंगूठा लगवाकर राशन हड़पने का आरोप, जिलाधिकारी से शिकायत

 

कोटेदार की मनमानी से ग्रामीण परेशान, जांच की उठी मांग

 

लाभार्थियों के नाम व कार्ड नंबर सहित सौंपा गया प्रार्थना पत्र

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर (खलीलाबाद)। विकास खंड सेमरियावां के ग्राम पुरवा में सस्ते गल्ले की दुकान संचालित करने वाली कोटेदार श्रीमती मोहराती देवी पत्नी अदालत पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। गांव के अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कठोर कार्यवाही की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार द्वारा लाभार्थियों का अंगूठा मशीन पर लगवाकर राशन वितरण दर्ज कर लिया जाता है, लेकिन उन्हें निर्धारित मात्रा में गेहूं और चावल नहीं दिया जाता। शिकायत के अनुसार, मात्र लगभग 2 किलोग्राम चीनी देकर लाभार्थियों को वापस भेज दिया जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि जब वे अपने हिस्से का पूरा खाद्यान्न मांगते हैं, तो कोटेदार एवं उनके परिजन अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी देते हैं कि “जो करना है कर लो, कोई हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इससे गांव के गरीब परिवारों को सरकार की खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है और उन्हें आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में ग्राम प्रधान सईदुज्जमा के हस्ताक्षर भी शामिल हैं। साथ ही शिकायत को मजबूत बनाने के लिए लाभार्थियों के नाम, राशन कार्ड नंबर एवं अंगूठा निशान भी संलग्न किए गए हैं।

शिकायत में शामिल प्रमुख लाभार्थियों में कुसुम देवी (राशन कार्ड संख्या 218640055295), सावित्री देवी (218640539468), कमलावती (218640559071), सुशीला देवी (218640055412), सुमित्रा (218640406042) तथा रीता देवी (218640372469) सुभावती ,पिंकी चौहान, राधिका देवी, राधा , संजू देवी, दिलीप कुमार ,फैजान सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल हैं।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कोटेदार द्वारा की जा रही अनियमितताओं एवं खाद्यान्न के गबन पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा सभी पात्र लाभार्थियों को उनका पूरा राशन दिलाया जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उच्च अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाने और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।