जेम बालिकाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति द्वारा जीते सभी के हृदय
अम्बेडकर नगर।एनटीपीसी टांडा द्वारा आयोजित बालिका सशक्तीकरण अभियान (GEM)-2026 के अंतर्गत सरगम सभागार में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जेम बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने मुक्त कंठ से सराहना की।

कार्यक्रम में संयुक्ता महिला समिति की वरिष्ठ सदस्याएं श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास्तव एवं श्रीमती आभा जाडली विशेष रूप से उपस्थित रहीं और बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जेम प्रतिभागियों को किट वितरण किया गया तथा उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सोलर स्टडी लैम्प भी प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना तथा ऊर्जा संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम में एनटीपीसी टांडा के कार्यकारी निदेशक जयदेव परिदा, गरिमा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती संघमित्रा परिदा, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बालिकाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं उत्साह की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एनटीपीसी टांडा एवं गरिमा महिला मंडल द्वारा बालिका शिक्षा, सशक्तीकरण एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।