आस्था का संगम: तामेश्वरनाथ धाम में रुद्राभिषेक
लोक कल्याण व मानवता की रक्षा के लिए चतुर्वेदी परिवार का विशेष अनुष्ठान
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य रुद्राभिषेक, गूंजा ‘हर हर महादेव’
भंडारा, दान-पुण्य और सेवा भाव से सजी श्रद्धा की अनुपम मिसाल
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर।ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि पर ऐतिहासिक एवं पौराणिक शिव स्थली तामेश्वरनाथ धाम में आस्था, श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। चतुर्वेदी परिवार ने लोक कल्याण, खुशहाली और मानवता की रक्षा के संकल्प के साथ विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की।
परिवार की मुखिया चंद्रावती देवी के सानिध्य में डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी, सविता चतुर्वेदी, राकेश चतुर्वेदी एवं शिखा चतुर्वेदी ने पूरे परिवार के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
रुद्राभिषेक में परिवार के अन्य सदस्य—रत्नेश चतुर्वेदी, दिव्येश चतुर्वेदी, अखंड प्रताप चतुर्वेदी, राजन चतुर्वेदी एवं रजत चतुर्वेदी भी शामिल रहे। भव्य आरती के समय श्रद्धालुओं की आस्था चरम पर दिखी और हर चेहरे पर भक्ति का उल्लास झलकता नजर आया।
चतुर्वेदी परिवार ने अपनी परंपरा को निभाते हुए ब्राह्मणों, पुरोहितों एवं गोस्वामी समाज के लोगों को अंगवस्त्र और नगदी भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही सैकड़ों जरूरतमंदों में भी वस्त्र और आर्थिक सहायता वितरित कर सेवा का संदेश दिया।
रुद्राभिषेक के उपरांत तामेश्वरनाथ धाम स्थित श्रीमती चंद्रावती देवी पीजी कॉलेज परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां देर शाम तक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि भगवान शिव की उपासना मनुष्य को सत्य, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। वहीं राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि धर्म और सेवा भाव ही समाज को सशक्त और संगठित बनाने का आधार है।
इस अवसर पर बलिराम यादव, रविनेश श्रीवास्तव, वेद प्रकाश पांडेय, शरद त्रिपाठी, नितेश द्विवेदी, आशुतोष पांडेय, रविंद्र यादव, निहाल चंद पांडेय, अंकित पाल, ब्रम्हशंकर भारती, दिग्विजय यादव, सुभाष तिवारी, अरविंद गिरि, आनंद ओझा, शंकर यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।