विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस लाइन में हुआ वृक्षारोपण
डीएम व एसपी ने पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन संतकबीरनगर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं अपने हाथों से पौधा लगाकर की। इसके बाद पुलिस लाइन परिसर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए दर्जनों पौधे लगाए।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना होगा। वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण भी सुनिश्चित करते हैं।
पुलिस लाइन परिसर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से नीम, पीपल, बरगद, जामुन और आंवला जैसे पर्यावरण अनुकूल पौधों का चयन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों को अपने जीवन में पौधारोपण को अपनाने तथा समाज को इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन्स अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।