समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के सफल आयोजन हेतु बैठक सम्पन्न 

समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के सफल आयोजन हेतु बैठक सम्पन्न

05 से 21 जून तक आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम

बहराइच 04 जून। मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आगामी 7 जून, 2026 को केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून, 2026 से 21 जून, 2026 तक जनपद के समस्त विकास खण्डों एवं नगरीय निकायों में समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के सफल आयोजन हेतु कलेक्ट्रंेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी द्वारा नामित उत्तरदायी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शासन की मंशानुरूप सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर भव्यता के साथ आयोजन सुनिश्चित करें।

डीएम ने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान शासन के नीतिगत निर्णयों, जन-केन्द्रित विकास कार्यों एवं लोक-कल्याणकारी उपलब्धियों को समाज के अन्तिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने, पात्र लाभार्थियों को शासकीय योजनाओं से आच्छादित करने के साथ-साथ जन समस्याओं का त्वरित एवं मौके पर निस्तारण कराया जाय। डीएम ने बताया कि अभियान अन्तर्गत समस्त कार्यक्रम ‘‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’’ के मूल भाव के अनुरूप संचालित किए जाएंगे। अभियान के प्रत्येक चरण में सादगी, अनुशासन, ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। केन्द्र एवं राज्य सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं के संतृप्तीकरण तथा प्रदेश में विगत वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं सुशासन मॉडल को समस्त कार्यक्रमों में समाहित किया जाए।

डीएम ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून 2026 को मा. प्रधानमंत्री जी की अपील के अनुसार ‘‘एक पेड़-माँ के नाम’’ अभियान के अन्तर्गत समस्त विकास खण्डों एवं नगर निकायों के साथ-साथ ग्राम पंचायतों में पौधरोपण किया जायेगा। 08 से 14 जून तक विशेष जन-सम्पर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम, 11 से 14 जून तक मीडिया सम्बोधन एवं संवाद कार्यक्रम के तहत 12/13 जून, 2026 को प्रदेश स्तर पर मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा मीडिया को सम्बोधित किया जाएगा तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार की अद्यतन उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा।

14 जून से 16 जून, 2026 तक आयोजित होने वाले जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला में समस्त विभाग अपनी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का स्टॉल लगाते हुए जनसामान्य को योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे तथा इच्छुक एवं पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण करते हुए ब्रोशर/लीफलैट का वितरण भी करेंगे। इस कार्यक्रम के साथ स्वास्थ्य मेले/जन-आरोग्य मेले भी आयोजन किया जायेगा। 16 व 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के दौरान राज्य स्तर पर चयनित विभिन्न विधाओं/क्षेत्रों के प्रबुद्ध महानुभावों/विषय-विशेषज्ञों द्वारा विकास खण्डों का भ्रमण कर वहाँ आयोजित मेलों/शिविरों में केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों पर व्याख्यान दिए जाएंगे।

18 व 19 जून को प्राकृतिक खेती पर आधारित कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रतिभागियों को जीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक खाद एवं जैविक कीटनाशक तैयार करने की प्रक्रिया के ‘‘लाइव डैमो जोन’’ के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ गौ-आधारित प्राकृतिक खेती एवं जल संरक्षण पर विशेष सत्र तथा ‘‘कम लागत, अधिक आय’’ विषय पर आधारित किसान-संवाद कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। 21 जून 2026 अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भव्य योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीएम ने बैठक के माध्यम से जनपदवासियों से अपील की है कि समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान अन्तर्गत आयोजित होने वाले आयोजनों प्रतिभाग कर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, डीएफओ बहराइच सुंदरेषा, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट राजेष प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राज कुमार, डीपीआरओ चन्द्रभान सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण, महामना मालवीय मिशन अध्यक्ष (अवध) अधिवक्ता संजीव श्रीवास्तव, सुहेलदेव सेवा समिति संयोजक हरिश्चन्द्र गुप्ता, सचिव दिलीप कुमार, इनर व्हील क्लब, सचिव ज्योति बंसल, योगाचार्य सुशील बाजपेयी व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः