वाराणसी में भूटान सरकार बनाएगी बौद्ध मंदिर व गेस्ट हाउस, 2 एकड़ भूमि उपलब्ध कराएगी यूपी सरकार

लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भूटान की रायल गवर्नमेंट ऑफ भूटान को वाराणसी में बौद्ध मंदिर एवं गेस्ट हाउस निर्माण के लिए 2 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। यह भूमि वाराणसी के मौजा पिण्डरा अजईपुर कोलसला क्षेत्र में दी जाएगी। इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लीज डीड की कार्यवाही की जा रही है तथा भूमि स्थानांतरण के लिए जल्द ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) का निष्पादन किया जाएगा।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से डीड पर हस्ताक्षर करने के लिए पर्यटन विभाग के विशेष सचिव मृदुल चौधरी को नामित किया गया है। लीज डीड पर रायल गवर्नमेंट ऑफ भूटान के प्रतिनिधि तथा पर्यटन विभाग की ओर से मृदुल चौधरी हस्ताक्षर करेंगे।मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुरूप इस प्रकरण में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कार्यवाही की जा रही है। भूटान सरकार की ओर से रायल गवर्नमेंट ऑफ भूटान दूतावास, प्रमुख बौद्ध मंदिर बोधगया तथा भूटान के केंद्रीय भिक्षु निकाय के प्रतिनिधियों को नामित किया गया है।उन्होंने कहा कि काशी में सारनाथ सहित कई विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हैं, जहां वर्षभर देश-विदेश से श्रद्धालुओं का आगमन होता है। बौद्ध मंदिर के निर्माण से देशी और विदेशी बौद्ध अनुयायियों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।पर्यटन मंत्री के अनुसार, बड़ी संख्या में बौद्ध पर्यटक संकिसा और कुशीनगर आते हैं। वाराणसी में प्रस्तावित बौद्ध मंदिर के जुड़ने से प्रदेश के बौद्ध पर्यटन सर्किट को और मजबूती मिलेगी। साथ ही, बौद्ध सर्किट के अंतर्गत आने वाले स्थलों को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।