पशु चिकित्सा विज्ञान के छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता तीन गुना बढ़ा, अब मिलेंगे 12 हजार रुपये प्रतिमाह

लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार ने पशु चिकित्सा शिक्षा एवं पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश के पशु चिकित्सा विज्ञान के छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता 4 हजार रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।यह बढ़ा हुआ भत्ता प्रदेश के उ0प्र0 पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान, आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय तथा सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में अध्ययनरत पशु चिकित्सा विज्ञान के छात्रों को दिया जाएगा। इस संबंध में पशुधन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम द्वारा आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं।पशु चिकित्सा विज्ञान के छात्र इंटर्नशिप के दौरान पशु चिकित्सालयों, पॉलीक्लीनिक, रोग निदान प्रयोगशालाओं, राज्य चिड़ियाघरों तथा अन्य बाहरी प्रशिक्षण स्थलों पर उपचार, टीकाकरण, रोग निगरानी और कृत्रिम गर्भाधान जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही वे रात्रिकालीन ड्यूटी और आपातकालीन परिस्थितियों में भी सेवाएं देते हैं।संक्रामक पशु रोगों के प्रसार के समय ये छात्र संक्रमित क्षेत्रों की पहचान कर संबंधित गांवों को अपनाते हुए शिविर लगाकर पशुओं का उपचार भी करते हैं। सरकार का मानना है कि इंटर्नशिप भत्ता बढ़ाए जाने से छात्रों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक उत्साह के साथ कार्य करेंगे।सरकार के इस निर्णय से प्रदेश में पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी तथा मजबूत बनाने में मदद मिलेगी, जिसका सीधा लाभ पशुपालकों और किसानों को मिलेगा।