पिहोवा,प्रमोद कौशिक: श्री गोबिदानंद आश्रम में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव के छटे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने श्रद्धा और आस्था के साथ कथा का रसपान किया। कथा में विशेष रूप से पहुंचे भारत साधु समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में व्यक्ति भौतिक सुख-सुविधाओं के पीछे भागते हुए मानसिक तनाव, अशांति और अनेक विकारों से घिरता जा रहा है। ऐसे में भागवत कथा मनुष्य को धर्म, भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। कथावाचक महंत सर्वेश्वरी गिरी ने श्रद्धालुओं को भागवत कथा के विभिन्न प्रसंगों का श्रवण करवा कर्दम-देवहुति संवाद का वर्णन करते हुए गृहस्थ जीवन में धर्म, संयम और भक्ति का महत्व बताया वहीं सती चरित्र के माध्यम से नारी सम्मान, त्याग और श्रद्धा का संदेश दिया। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। आयोजन के अंत में आरती कर श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा गया।
कथा मंच से श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज।