बहराइच में पहली बार लगा रोबोटिक्स कैंप, बच्चों ने खुद बनाए इलेक्ट्रॉनिक सर्किट

बहराइच में पहली बार लगा रोबोटिक्स कैंप, बच्चों ने खुद बनाए इलेक्ट्रॉनिक सर्किट

अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच और हैप्पी हार्ट्स पब्लिक स्कूल की अनूठी पहल, 47 बच्चों ने सीखा विज्ञान का ककहरा

बहराइच 20 मई। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच की ‘मारवाड़ी युवा मंच, पलाश शाखा बहराइच’ द्वारा हैप्पी हार्ट्स पब्लिक स्कूल के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय रोबोटिक्स कैंप एवं विज्ञान प्रदर्शनी का समापन हो गया।बहराइच एस.पी. बंगले के पास स्थित हैप्पी हार्ट्स पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित इस कैंप को लेकर जिले के बच्चों और अभिभावकों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। गौरतलब है कि बहराइच में पहली बार इस स्तर के आधुनिक रोबोटिक्स कैंप का आयोजन किया गया है।

खेल-खेल में सीखें तकनीक

इस नवाचारपूर्ण कैंप में कुल 47 बच्चों ने पंजीकरण कराकर बेहद उत्साह के साथ भाग लिया। कैंप की सबसे खास बात यह रही कि इसमें शामिल प्रत्येक बच्चे को व्यक्तिगत रूप से इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की किट दी गई। बच्चों को न केवल रोबोटिक्स की बुनियादी जानकारी दी गई, बल्कि ब्रेडबोर्ड, सेंसर, रेजिस्टर, ट्रांजिस्टर जैसे जटिल इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। बच्चों ने खुद अपने हाथों से अलग-अलग कनेक्शन और सर्किट बनाकर विज्ञान और तकनीक के सिद्धांतों को बेहद व्यावहारिक और रोचक तरीके से समझा।

इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर ने दी ट्रेनिंग

कैंप का कुशल संचालन पलाश शाखा की सचिव मोनिका माहेश्वरी द्वारा किया गया। इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर होने के साथ-साथ पिछले 3 वर्षों से रोबोटिक्स कोच के रूप में सक्रिय मोनिका माहेश्वरी ने बच्चों को खेल-खेल में कोडिंग और सर्किट्स की पेचीदगियां सिखाईं। इसके चलते बच्चे पूरे समय जिज्ञासु और ऊर्जा से भरे नजर आए। कैंप के माध्यम से बच्चों में रचनात्मक सोच और स्मार्ट प्रोजेक्ट्स बनाने के प्रति एक नया दृष्टिकोण विकसित हुआ।

इस पूरे आयोजन को सफल और यादगार बनाने में हैप्पी हार्ट्स पब्लिक स्कूल के निदेशक कृष्णा मिश्रा, मारवाड़ी युवा मंच पलाश शाखा की अध्यक्ष गुंजा अग्रवाल, सचिव मोनिका माहेश्वरी एवं कोषाध्यक्ष प्रेरणा माहेश्वरी ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः