पिहोवा,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 19 मई : शिवपुरी रोड स्थित श्री गोबिदानंद आश्रम में महामंडलेश्वर 1008 स्वामी विद्या गिरी जी महाराज एवं श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज के सानिध्य में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष में सोमवार से आरंभ हुई श्रीमद् भागवत कथा 17 मई से 16 जून तक चलेगी।
कथा में मुख्य यजमान के रूप में रमेश कुमार, सोहनलाल मुंगडिया, नोनू शर्मा, राघव शर्मा परिवार, एवं महिला मंडल सदस्यों ने शिरकत की। कथा से एक दिन पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत सरस्वती तीर्थ से आरंभ होकर गंतव्य तक पहुंची। अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य अभिवादन किया।
व्यास पीठ से आश्रम की महंत सर्वेश्वरी गिरी ने कहा कि कलश यात्रा आस्था और संस्कारों का प्रतीक है, जो समाज में शांति, सद्भावना और भक्ति का संदेश ही नही देती है बल्कि हम सबको मन, वचन और कर्म से पवित्र रहने के लिए भी प्रेरित करती है।
उन्होंने कथा के प्रथम दिन श्रद्धालुओं को कथा स्थल की महिमा का सुंदर वर्णन सुनाते हुए कहा कि जहां भगवान की कथा होती है, वहां सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। प्रभु ही सच्चे आनंद और शांति के स्रोत हैं। श्रद्धालुओं ने बड़े भाव और श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया। इसके उपरांत शौनकादि ऋषियों और सूत जी के दिव्य मिलन एंव नारद जी की भक्ति देवी से भेंट का भावपूर्ण प्रसंग भी सुनाया गया। अंत में आत्मदेव की प्रेरणादायक कथा का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि मनुष्य को लोभ, मोह और अहंकार का त्याग कर प्रभु भक्ति का मार्ग अपनाना चाहिए।
महिला मंडल की अध्यक्षा सरोज गुप्ता ने बताया कि कथा का समय दोपहर 4 से सांय 6 बजे तक रहेगा। उन्होंने यजमान परिवार व सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि भागवत कथा का उद्देश्य जीवन में धर्म, प्रेम और सदाचार के मूल्यों को अपनाना है।
उन्होंने नगरवासियों से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। कार्यक्रम के अंत में आरती कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।