भयहरणनाथ धाम में मेला कंट्रोल रूम से हो रहा अधिक मास मेले का प्रबन्धन 

भयहरणनाथ धाम में मेला कंट्रोल रूम से हो रहा अधिक मास मेले का प्रबन्धन

थानाध्यक्ष ने नगर पंचायत व प्रबंध समिति के साथ मेला प्रबंधन पर बनाई रणनीति

20 मई के चिन्हांकन को लेकर भी हुई चर्चा, सुरक्षा रहेगी चाक-चौबंद

 

प्रतापगढ़। बाबा भयहरणनाथ धाम में 17 मई से शुरू हुए 1 माह के मलमास मेले का प्रबंधन मेला कंट्रोल रूम से किया जा रहा है। लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

 

थानाध्यक्ष जेठवारा ने रविवार को नगर पंचायत प्रतिनिधि, पुलिस चौकी प्रभारी एवं भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान की प्रबंध समिति के साथ बैठक कर मेला प्रबंधन की रणनीति तय की। बैठक में भीड़ नियंत्रण, यातायात, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं साफ-सफाई पर विस्तृत चर्चा हुई।

 

20 मई के चिन्हांकन पर विशेष फोकस

बैठक में 20 मई 2026 को नायब तहसीलदार सदर के नेतृत्व में होने वाले धाम की भूमि के स्थाई चिन्हांकन पर भी चर्चा की गई। थानाध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि चिन्हांकन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। 6 मार्च जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कंट्रोल रूम से पूरे मेले की निगरानी की जाएगी।

 

महासचिव समाज शेखर ने बताया कि पुलिस बल व राजस्व टीम के नाश्ते-भोजन की व्यवस्था पर्यटक सुविधा केंद्र में व्यवस्था समिति द्वारा की गई है। मेला समिति के शत्रुघन सिंह, मनिराम राम पटेल, मुरली पांडेय व मेला उप संयोजक बुद्धि प्रकाश द्विवेदी कार्यालय प्रभारी व चौकी प्रभारी के साथ समन्वय करेंगे।

 

कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी

मेला कंट्रोल रूम में नगर पंचायत, पुलिस व संस्थान के प्रतिनिधि 24 घंटे मौजूद रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित व्यवस्था की गई है।